पं. विजयशंकर मेहता का कॉलम:आरोग्य और स्वास्थ्य, ये दोनों ही धन्वंतरि के कलश में हैं

Nov 6, 2026 - 14:00
 0
पं. विजयशंकर मेहता का कॉलम:आरोग्य और स्वास्थ्य, ये दोनों ही धन्वंतरि के कलश में हैं
समुद्र मंथन से धन्वंतरि अमृत का कलश लेकर बाहर निकले। वह दिन धनतेरस का था। धन्वंतरि जी के साथ दो बातें हैं- धन और स्वास्थ्य। वे देवताओं के वैद्य हैं। विष्णु के अवतार हैं। धन्वंतरि जी की असली दौलत क्या है और वह किस स्वास्थ्य को प्रदान करते हैं? उनकी विशेषता यह है कि वे संसार चलाने की सम्पत्ति भी देते हैं और शरीर को बचाने का स्वास्थ्य भी देते हैं। आरोग्य और स्वास्थ्य, दोनों धन्वंतरि जी के कलश में हैं। आरोग्य एक जीवनशैली है, जिसको अंग्रेजी में वेलनेस कहते हैं। एक्टिव प्रैक्टिस की तरह है। और स्वास्थ्य यानी हेल्थ एक स्थिति है, जिसे हम रिएक्टिव रिजल्ट कह सकते हैं। हमें जिस भी उम्र तक जीना हो, अगर हमें बिना बेचैनी के अपनी आखिरी सांस लेनी है, तो वो काम धन्वंतरि जी ही हमारे लिए कर सकते हैं। तो धनतेरस पर एक संकल्प लिया जाए कि कोई भी ऐसा धन नहीं कमाएंगे, जो मानसिक स्वास्थ्य पर प्रभाव डाले, और साथ ही आरोग्य व स्वास्थ्य की जीवनशैली अपनाएं।